
मुंबई । वैश्विक बाजारों में कमजोरी और विदेशी पूंजी की निकासी के बीच सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 364.62 अंक टूटकर 81,883.99 अंक जबकि एनएसई निफ्टी 117.15 अंक फिसलकर 25,379.40 अंक पर पहुंच गया।सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से मारुति, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई। वहीं इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक और इटर्नल के शेयर में तेजी रही।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225 और चीन का एसएसई कम्पोजिट गिरावट में रहे जबकि हांगकांग का हैंग सेंग सकारात्मक दायरे में रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मुख्य तौर पर गिरावट के साथ बंद हुए थे।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 70.70 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को बिवकाल रहे थे और उन्होंने 3,465.99 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। दूसरी ओर, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,031.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
रुपया शुरुआती कारोबार में चार पैसे टूटकर 90.95 प्रति डॉलर पर
रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में चार पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.95 पर पहुंच गया। विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू शेयर बाजारों की नकारात्मक शुरुआत के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव बना।विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि डॉलर के कमजोर होने और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट ने हालांकि स्थानीय मुद्रा में और अधिक गिरावट को सीमित किया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.91 पर खुला लेकिन बाद में टूटकर 90.95 पर आ गया, जो पिछले बंद भाव से चार पैसे की गिरावट दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को 90.91 प्रति डॉलर पर स्थिर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.70 पर रहा।



