अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर SBI लखनऊ में राकास बैठक आयोजित

बैठक की अध्यक्षता मंडल के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार दे ने की।

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के स्थानीय प्रधान कार्यालय, लखनऊ में राजभाषा कार्यान्वयन समिति (राकास) की तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार दे ने की।

बैठक में स्थानीय प्रधान कार्यालय के विभिन्न विभागों में हिन्दी में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई तथा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन पर चर्चा की गई।

मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार दे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस हमें अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। मातृभाषा व्यक्ति के मन का विश्वास होती है। कोई भी बच्चा सबसे पहले अपनी मातृभाषा में बोलना सीखता है और बाद में अन्य भाषाएँ ग्रहण करता है। मातृभाषा हमारे जीवन की पहली पहचान होती है, जिसके माध्यम से हम संसार को समझते हैं और अपने विचारों को आकार देते हैं।

उन्होंने कहा कि राजभाषा हिन्दी में कार्य करना हमारा संवैधानिक दायित्व है, लेकिन व्यावसायिक दृष्टि से यह ग्राहकों के साथ विश्वास का सेतु भी है। जब ग्राहक अपनी भाषा में सेवा प्राप्त करता है, तो उसका विश्वास और संतोष दोनों बढ़ते हैं।

बैठक में  अनिल कुमार, महाप्रबंधक (नेटवर्क-1),  राजीव कुमार, महाप्रबंधक (नेटवर्क-2) तथा  कौशलेन्द्र कुमार, महाप्रबंधक (नेटवर्क-3) भी उपस्थित रहे।

राकास बैठक के दौरान राजभाषा विभाग द्वारा आयोजित मंडल स्तरीय चित्रांकन एवं कैलिग्राफी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही तिमाही के दौरान हिन्दी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभागों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य महाप्रबंधक ने वातायन पत्रिका के नवीन अंक के प्रकाशन पर मंडल राजभाषा विभाग की सराहना करते हुए कहा कि यह पत्रिका लखनऊ मंडल के स्टाफ सदस्यों की रचनात्मकता को सुरुचिपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करती है।

इस अवसर पर मंडल विकास अधिकारी धीरेंद्र महे ने मंडल प्रबंधन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) दिवाकर मणि ने किया।

Related Articles

Back to top button