
PM Modi Kerala Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने राज्य को रेल कनेक्टिविटी, स्टार्टअप इकोसिस्टम और गरीब कल्याण से जुड़ी कई अहम परियोजनाओं की सौगात दी। तिरुवनंतपुरम में प्रधानमंत्री ने इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप हब का शिलान्यास किया और पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया, जिससे रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
चार नई ट्रेन सेवाओं को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में रेल नेटवर्क को और मजबूत करते हुए चार नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। ये ट्रेनें नागरकोइल-मंगलुरु, तिरुवनंतपुरम-तांबरम और तिरुवनंतपुरम-चार्लापल्ली रूट पर चलेंगी। इसके अलावा त्रिशूर और गुरुवयूर के बीच एक नई यात्री ट्रेन सेवा भी शुरू की गई।
तिरुवनंतपुरम को स्टार्टअप हब बनाने पर जोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार के प्रयासों से केरल के विकास को नई गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि आज से राज्य में रेल कनेक्टिविटी और सशक्त हुई है और तिरुवनंतपुरम को देश के बड़े स्टार्टअप हब के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल की गई है। प्रधानमंत्री ने इसे पूरे देश के लिए गरीब कल्याण से जुड़ी एक महत्वपूर्ण शुरुआत बताया।
पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड से मिलेगा सीधा फायदा
प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के जरिए देशभर के रेहड़ी-ठेले और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को राहत मिलेगी। यह यूपीआई से जुड़ी ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट सुविधा है, जिससे लाभार्थियों को तुरंत फंड उपलब्ध होगा। इससे डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा और रेहड़ी-पटरी वालों को औपचारिक क्रेडिट इतिहास बनाने में भी मदद मिलेगी।
विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की भूमिका अहम
पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए पूरा देश मिलकर काम कर रहा है और इस विकास यात्रा में शहरों की भूमिका बेहद अहम रही है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे में बड़े पैमाने पर निवेश किया है, जिससे देशभर में सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
केरल LDF-UDF की राजनीति से मुक्ति चाहता है: PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि तिरुवनंतपुरम में बीजेपी-एनडीए की जनसभा को लेकर वह उत्साहित हैं। उन्होंने नगर निगम चुनावों में मिली जीत का जिक्र करते हुए कहा कि यह संकेत है कि केरल एलडीएफ और यूडीएफ के बीच चल रही राजनीति से मुक्ति चाहता है।
दक्षिण भारत में बढ़ेगी कनेक्टिविटी और विकास
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, नई ट्रेन सेवाओं से आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और तेलंगाना के बीच क्षेत्रीय संपर्क और मजबूत होगा। इससे यात्रियों को किफायती और सुरक्षित यात्रा सुविधा मिलेगी, वहीं टूरिज्म, व्यापार, शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
एक लाख लाभार्थियों को मिलेगा पीएम स्वनिधि लोन
प्रधानमंत्री मोदी इस दौरान केरल के रेहड़ी-पटरी वालों समेत देशभर के करीब एक लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि लोन भी वितरित करेंगे। यह योजना छोटे कारोबारियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
विज्ञान और इनोवेशन को मिलेगी नई रफ्तार
विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए पीएम मोदी ने तिरुवनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और उद्यमिता हब की आधारशिला रखी। इससे केरल में रिसर्च, इनोवेशन और स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।



