
नई दिल्ली। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शीतलहर को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा के हिसार में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि दिल्ली और चंडीगढ़ में पारा 4 डिग्री के आसपास बना हुआ है। 15 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर 30 जनवरी तक देखने को मिल सकता है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप और बढ़ने की संभावना है।
इन राज्यों में अगले दो दिन शीतलहर का कहर
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और ओडिशा में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पश्चिमी यूपी में हल्का से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
उत्तर भारत के 6 राज्यों में बारिश का अलर्ट
IMD की ताजा अपडेट के अनुसार अगले 72 घंटों में उत्तर भारत के छह राज्यों में बारिश की संभावना है। 16 से 20 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसी अवधि में उत्तराखंड में भी कई स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 18 से 20 जनवरी के बीच पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का अनुमान है, जबकि 19 और 20 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 14 जनवरी को लक्षद्वीप में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में फिर गिरेगा तापमान
राजधानी दिल्ली में 18 से 20 जनवरी के बीच बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है। 15 से 17 जनवरी के बीच सुबह और रात का तापमान 4 से 5 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। साथ ही 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन और बढ़ सकती है।
बिहार में भीषण ठंड और घना कोहरा
बिहार में भी ठंड का प्रकोप जारी है। सुबह के समय अधिकांश जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। पटना, सिवान, बक्सर, भोजपुर, सारण, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, अररिया, खगड़िया, दरभंगा और मधुबनी में खतरनाक शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में बारिश और ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश में आज लखनऊ, बाराबंकी, सुल्तानपुर, कानपुर समेत अवध क्षेत्र में हल्का कोहरा रहने और तेज हवा चलने से गलन बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी में 18 और 19 जनवरी को हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।



