Weather Update: कहीं कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, तो कहीं भारी बारिश का अलर्ट; जानिए देशभर के मौसम का हाल

भारत इन दिनों मौसम के दो अलग-अलग मिजाज झेल रहा है। एक ओर उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर रखा है, वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में बंगाल की खाड़ी से उठे गहरे अवदाब के चलते भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत में शीतलहर और कोहरे का कहर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहेगा। उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार में अगले 5 से 7 दिनों तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं मध्य भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

इन राज्यों में शीत दिवस की चेतावनी
आईएमडी के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में दिन के तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होगी, जिससे ठंड और ज्यादा महसूस की जाएगी।

दिल्ली-NCR में सबसे सर्द सुबह, बूंदाबांदी के आसार
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में ठंड ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। शुक्रवार को इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जहां न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड स्तर तक गिर गया। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में शीतलहर का असर जारी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों के लिए आने वाले दिन मिले-जुले संकेत दे रहे हैं। बिहार में 10 और 11 जनवरी को शीत दिवस की स्थिति बनी रहेगी, जबकि उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों में हल्की धूप निकलने से ठंड और कोहरे से कुछ राहत मिलने की संभावना है।

राजस्थान, मध्य प्रदेश और पहाड़ों में बढ़ेगी ठिठुरन
राजस्थान में 11 से 14 जनवरी के बीच भीषण शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मध्य प्रदेश में भी ठंड का प्रकोप कम नहीं होगा। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में बर्फीली हवाओं के साथ भारी पाला पड़ने के आसार हैं, जिससे फसलों और जनजीवन पर असर पड़ सकता है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
उत्तर भारत की ठंड के उलट, दक्षिण भारत में समुद्र से आफत आने वाली है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में 10 और 11 जनवरी को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश की चेतावनी जारी की है।

कश्मीर में चिल्ला-ए-कलां का दौर जारी
कश्मीर घाटी इस समय सर्दियों के सबसे कठोर दौर ‘चिल्ला-ए-कलां’ से गुजर रही है। श्रीनगर में शुक्रवार रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जिसके चलते डल झील के कई हिस्से जम गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार यह ठंडा दौर 29 जनवरी तक जारी रहेगा। 21 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।

 

Related Articles

Back to top button