
जिले की तीन तहसीलों के चार गांवों में जीविका के लिए दी गई जमीन
प्रधानमंत्री आवास, किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाओं का मिल रहा लाभ
लखनऊ। सीएम योगी के निर्देश पर बांग्लादेश से विस्थापित 331 हिंदू परिवारों को प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बसाया गया है। इन परिवारों को जीविकोपार्जन के लिए तीन तहसीलों के चार गांवों में जमीन भी दी गई है। इनमें धौरहरा तहसील के सुजानपुर में 97, मोहम्मदी तहसील के मोहनपुर ग्रन्ट में 41, मियांपुर में 156 और गोला तहसील के ग्रन्ट नंबर-3 में 37 परिवार बसाए गए हैं। ये परिवार वर्षों पहले पुनर्वासित हो चुके हैं और अब स्थायी रूप से यहीं रह रहे हैं। इन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि समेत कई सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया रहा है।
इसे भी पढ़ें- जनता दर्शन में एक-एक फरियादी से मिले सीएम योगी, कहा- समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता
खेती के लिए दी गई जमीन
इन विस्थापित परिवारों को बसाने के साथ ही उन्हें खेती के लिए जमीन भी आवंटित की गई। गोला तहसील के ग्रन्ट नंबर-3 में बसे 37 परिवारों को प्रति परिवार औसतन 3 एकड़ कृषि भूमि दी गई है। धौरहरा तहसील के सुजानपुर गांव में 60 परिवारों को प्रति परिवार औसतन 1.620 हेक्टेयर और 37 परिवारों को प्रति परिवार करीब 0.607 हेक्टेयर जमीन मिली है। मोहम्मदी तहसील के मोहनपुर ग्रन्ट में 15 परिवारों को प्रति परिवार 3 एकड़, 9 परिवारों को प्रति परिवार 7 एकड़ और 17 परिवारों को प्रति परिवार 5 एकड़ कृषि भूमि का पट्टा दिया गया है। वहीं मियांपुर गांव में बसे 156 परिवारों को प्रति परिवार करीब 4.75 एकड़ जमीन दी गई है, जिससे वे खेती कर अपनी आजीविका चला रहे हैं।
बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध
प्रशासन का कहना है कि इन परिवारों को केवल जमीन ही नहीं दी गई, बल्कि सरकार की कई योजनाओं का लाभ भी पहुंचाया जा रहा है। पात्रता के आधार पर मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा राशन वितरण, टीकाकरण, मनरेगा, मिड-डे मील, समग्र शिक्षा योजना, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के जरिए इन गांवों में बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
जिलाधिकारी लखीमपुर खीरी, दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि, बांग्लादेश से विस्थापित होकर उत्तर प्रदेश पहुंचे 331 हिंदू परिवारों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जनपद लखीमपुर की 3 तहसीलों में बसाया गया है। इन परिवारों को न सिर्फ कृषि योग्य जमीन आवंटित की गई, बल्कि राज्य व केंद्र सरकार की सभी जन-कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया है।
इसे भी पढ़ें- जनता दर्शन में एक-एक फरियादी से मिले सीएम योगी, कहा- समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता



