सागर हत्याकांड: जेल में पहलवान सुशील कुमार पर मंडरा रहा खतरा, लिया गया बड़ा फैसला

दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में हुए पहलवान सागर धनकड़ हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपी ओलम्पिक पदक विजेता सुशील कुमार के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, हत्या के इस मामले में जेल की हवा खा रहे सुशील कुमार को क्वारंटीन की अवधि समाप्त होने के बाद तिहाड़ जेल में शिफ्ट नहीं किया जाएगा, जहां उसका दुश्मन लॉरेंस बिश्नोई बंद है। सुशील की जान को खतरा होने के चलते यह निर्णय लिया गया है।

सुशील कुमार को जान का खतरा

इस बारे में जानकारी देते हुए तिहाड़ जेल के डीजी संदीप गोयल ने को बताया कि फिलहाल सुशील को मंडोली जेल में ही रखा जाएगा, अभी उसे दूसरी जेल में शिफ्ट करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, बीते चार मई को छत्रसाल स्टेडियम में हुई मारपीट के दौरान सागर पहलवान की मौत हो गई थी। वहीं उसके दो अन्य साथी सोनू महाल और अमित इस पिटाई में घायल हो गए थे। इस घटना को लेकर दर्ज की गई एफआईआर में सुशील पहलवान को मुख्य आरोपित बनाया गया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर अब तक 11 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इस हत्याकांड के मामले में सुशील फिलहाल मंडोली जेल में बंद है। सोनू महाल की पिटाई करने के चलते सुशील पहलवान की लॉरेंस बिश्नोई-काला जठेड़ी से दुश्मनी हो चुकी है। दरअसल, सोनू महाल काला जठेड़ी का भांजा है, जिसकी पिटाई की गई थी। इसके बाद से सुशील को उसके ऊपर जेल में हमले का डर सता रहा है।

सुशील को नहीं भेजा जाएगा तिहाड़ जेल

इस मामले में गिरफ्तारी के बाद जब सुशील को मंडोली जेल भेजा गया तो वहां पर लॉरेंस बिश्नोई पहले से मौजूद था। ऐसे में सुशील की जान को खतरा देखते हुए लॉरेंस बिश्नोई को तिहाड़ जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। सुशील को मंडोली जेल में 14 दिन के लिए क्वारन्टीन किया गया था। यह क्वरंटीन अवधि बुधवार को खत्म हो चुकी है जिसके बाद उसे तिहाड़ जेल में शिफ्ट किया जाना था, लेकिन उसकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तिहाड़ जेल प्रशासन ने फिलहाल सुशील को मंडोली जेल में ही रखने का फैसला किया है। जेल अधिकारियों का कहना है कि सुशील को दूसरी जेल में शिफ्ट करने पर बाद में विचार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: मोदी सरकार ने पूरी की मुकुल रॉय की मांग, गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखकर की थी अपील

सुशील की सुरक्षा को लेकर हैं उचित इंतजाम

जेल सूत्रों का कहना है कि सुशील कुमार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंडोली जेल में उचित इंतजाम किए गए हैं। उसकी सेल में जहां एक तरफ सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, तो वहीं दूसरी तरफ सुरक्षाकर्मी की भी तैनाती वहां पर रहती है। सुशील को जेल की सेल में अकेले रखा गया है ताकि उस पर किसी भी प्रकार का हमला ना हो सके। जेल प्रशासन की तरफ से उसकी सुरक्षा को लेकर तमाम बंदोबस्त किए गए हैं। यही वजह है कि उसे तिहाड़ जेल में शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। वहां पर लॉरेंस बिश्नोई पहले से मौजूद है जो अपने गुर्गों के जरिए सुशील पर हमला करवा सकता है।

Related Articles

Back to top button