
हस्तरेखा विज्ञान जिसे हम सामुद्रिक शास्त्र के एक महत्वपूर्ण अंग के रूप में भी जानते हैं। इसमें इंसान कि हथेली में मौजूद निशान और उभारों को देखकर उसके स्वभाव और भविष्य के बारे में पता किया जाता है। हथेली पर स्थित विभिन्न पर्वतों का अपना अलग महत्व है और इनमें चंद्र पर्वत को सबसे अधिक प्रभावशाली माना जाता है।
इसे भी पढ़ें- हस्तरेखा शास्त्र: आपकी हथेली की बनावट बताती है कैसा होगा आपका भविष्य और स्वाभाव
खगोल विज्ञान और ज्योतिष के अनुसार, चंद्रमा पृथ्वी का सबसे निकटतम आकाशीय पिंड है, जिसका प्रभाव समुद्र के ज्वार-भाटे से लेकर मनुष्य के मस्तिष्क तक पर पड़ता है। हथेली के बाहरी किनारे पर स्थित चंद्र पर्वत व्यक्ति की कल्पनाशीलता, मानसिक शांति, रचनात्मकता और अंतर्मन की गहराई को दर्शाता है।
शुभ होता है उभरा हुआ चन्द्र पर्वत
चंद्र पर्वत की भौगोलिक स्थिति को समझना अत्यंत रोचक है, क्योंकि यह हमारी हथेली के उस हिस्से में स्थित होता है जो सीधा हमारी भावनाओं से जुड़ा है। कनिष्ठा यानी सबसे छोटी उंगली के नीचे से शुरू होकर कलाई के ऊपर तक का जो उभरा हुआ भाग होता है, उसे ही चंद्र पर्वत का क्षेत्र कहते हैं। सरल शब्दों में कहे तो ये आयु रेखा के विपरीत दिशा में और भाग्य रेखा के समीप स्थित होता है। यह पर्वत जितना स्पष्ट और साफ होता है व्यक्ति का मानसिक संतुलन उतना ही सुदृढ़ माना जाता है। हस्तरेखा के जानकार कहते हैं कि, जिस व्यक्ति का चंद्र पर्वत उभर हुआ और उन्नत होता है वह संसार की सुंदरता को एक अलग नजरिए से देखता है।
जब किसी व्यक्ति की हथेली में चंद्र पर्वत पूर्ण रूप से विकसित और लालीमा युक्त होता है, तो वह जातक स्वभाव से अत्यंत कोमल और भावुक होता है। ऐसे व्यक्तियों की कल्पनाशीलता बहस गहरी होती है। ऐसे लोग प्रकृति के अनन्य प्रेमी होते हैं और अक्सर एकांत में रहकर कुछ नया सृजन करने की चाह रखते हैं।
व्यक्ति के जीवन को सुंदर बनाता है चन्द्र पर्वत
साहित्य, संगीत और चित्रकला जैसे क्षेत्रों में ऐसे लोग अपार सफलता प्राप्त करते हैं, क्योंकि उनकी रचनात्मक सोच पर किसी का दबाव नहीं होता। हालांकि, अत्यधिक विकसित चंद्र पर्वत कई बार व्यक्ति को वास्तविक दुनिया से दूर ले जाकर सपनों की दुनिया में कैद कर देता है। ऐसे लोग अक्सर दूसरों के मन के छल-कपट को नहीं समझ पाते और जब उन्हें हकीकत का सामना करना पड़ता है तो वे गहरे मानसिक कष्ट और निराशा में डूब जाते हैं।
इसके विपरीत मध्यम विकसित चंद्र पर्वत वाले व्यक्ति जीवन में एक सुंदर संतुलन बनाकर चलते हैं। उनके पास भविष्य को लेकर बड़ी योजनाएं होती हैं और वे केवल सपने नहीं देखते बल्कि उन सपनों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास भी करते रहते हैं। इनके स्वभाव में भावुकता तो होती है, लेकिन वे इसे अपनी कमजोरी नहीं बनने देते, फिर भी कभी-कभी असफलता मिलने पर ये लोग जल्दी विचलित हो जाते हैं और छोटी-छोटी बातों को दिल से लगा लेते हैं। इनके भीतर एक विशेष प्रकार की बेचैनी रहती है जो इन्हें लगातार कुछ नया और बड़ा करने के लिए प्रेरित करती रहती है।
हस्तरेखा शास्त्र का एक और पहलू उन लोगों के बारे में बताता है जिनके हाथ में चंद्र पर्वत का अभाव होता है या यह हिस्सा बिल्कुल सपाट होता है। ऐसे लोग जीवन के प्रति बहुत ही व्यावहारिक और तार्किक दृष्टिकोण रखते हैं। वे भावनाओं के आवेग में बहने के बजाय लाभ-हानि का गणित समझकर फैसले लेते हैं।
उनके जीवन का मुख्य केंद्र सुख-सुविधाएं, धन संचय और भौतिक तरक्की होती है। कई बार भावनाओं की कमी के कारण इनके स्वभाव में एक प्रकार की कठोरता और रूखापन आ जाता है, जिससे इनके सामाजिक रिश्तों में मधुरता कम होने लगती है। ये लोग किसी भी कार्य को भावना के आधार पर नहीं बल्कि जरूरत के आधार पर आंकते हैं।
चन्द्र पर्वत पर चिन्ह
चंद्र पर्वत पर मौजूद विभिन्न चिह्न जैसे क्रॉस, तिल या रेखाओं का जाल भी जीवन की दिशा तय करने में बड़ी भूमिका निभाते हैं। यदि इस पर्वत पर यात्रा रेखाएं स्पष्ट हों तो व्यक्ति अपने जीवन में देश-विदेश की बहुत यात्राएं करता है। वहीं अगर यहां दोषपूर्ण चिह्न हों तो व्यक्ति को मानसिक तनाव, अनिद्रा या जल से भय जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। चंद्रमा को मन का कारक माना गया है इसलिए इस पर्वत की स्थिति सीधे तौर पर हमारे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी होती है।
हस्तरेखा विज्ञान हमें यह समझाता है कि, हमारी हथेली के ये पर्वत केवल मांस के उभार नहीं हैं बल्कि हमारे व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों के संकेतक हैं। चंद्र पर्वत हमें यह सिखाता है कि जीवन में तर्क और बुद्धि के साथ-साथ करुणा, संवेदनशीलता और कल्पना का होना भी उतना ही अनिवार्य है। यदि हम अपने चंद्र पर्वत के संकेतों को समझकर अपनी भावनाओं को सही दिशा में निर्देशित करें तो हम न केवल एक सफल कलाकार या विचारक बन सकते हैं बल्कि एक संतुलित और सुखद जीवन भी व्यतीत कर सकते हैं। कर्म और भाग्य के इस संगम में हथेली की ये लकीरें हमें खुद को बेहतर तरीके से पहचानने का एक अवसर प्रदान करती हैं।
इसे भी पढ़ें- हस्तरेखा शास्त्र: हथेली की छोटी उंगली बताती है कैसा होगा आपका करियर, देखें कैसी हैं आपकी उंगलियां



