ईरान युद्ध के चलते टली यात्रा, अब मई में चीन जाएंगे डोनाल्ड ट्रंप

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप इस वर्ष वॉशिंगटन में शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लीयुआन की मेजबानी भी करेंगे।

वाशिंगटन।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14-15 मई को चीन की यात्रा करेंगे, जहां वह अपने समकक्ष शी चिनफिंग के साथ पुनर्निर्धारित शिखर वार्ता में हिस्सा लेंगे। व्हाइट हाउस ने यह जानकारी दी। ट्रंप की यह यात्रा पहले इसी महीने के अंत में प्रस्तावित थी, लेकिन ईरान के साथ जारी युद्ध के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बताया कि ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप इस वर्ष वॉशिंगटन में शी चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लीयुआन की मेजबानी भी करेंगे।

लेविट ने स्पष्ट किया कि बैठक को पुनर्निर्धारित करने को लेकर दोनों नेताओं के बीच कोई विशेष शर्त तय नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि मौजूदा क्षेत्रीय परिस्थितियों को देखते हुए शी चिनफिंग ने ट्रंप के यात्रा स्थगन के निर्णय को समझा और स्वीकार किया।

मई में प्रस्तावित इस बैठक तक युद्ध समाप्त होने की संभावना पर लेविट ने कहा कि स्थिति को लेकर चार से छह सप्ताह का अनुमान लगाया गया है। इससे पहले ट्रंप और शी की मुलाकात एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के दौरान हो चुकी है।

पिछले सप्ताह व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में आयरलैंड के प्रधानमंत्री मिशेल मार्टिन से मुलाकात के दौरान ट्रंप ने संकेत दिया था कि वह अपनी चीन यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन इस पर सहमत हैं और वह शी से मुलाकात को लेकर आशान्वित हैं।उल्लेखनीय है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर संयुक्त हमला किया था, जिसके जवाब में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में प्रतिक्रिया दी, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।

Related Articles

Back to top button