अखिलेश ने भाजपा पर कसा तंज, बोले आपराधिक वारदातें निष्फल सरकार को दिखा रही ठेंगा

लखनऊ, 03 मार्च। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में लड़कियों-महिलाओं के साथ हो रहे अपराधों को लेकर योगी सरकार पर फिर हमला बोला है। उन्होंने बुलंदशहर में लापता किशोरी का शव मिलने की घटना को लेकर कहा कि ऐसी वारदातें निष्फल सरकार को ठेंगा दिखा रही है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को कहा कि उप्र के बुलंदशहर में पिछले छह दिनों से लापता लगभग 13 साल की एक किशोरी का शव एक गड्ढे में मिलने से प्रदेश दहल गया है। यह अति दुःखद है। उन्होंने कहा कि उप्र में आपराधिक गतिविधियां भाजपा की निष्फल सरकार को ठेंगा दिखा रही हैं। इस बार भाजपा सरकार को महिलाएं ही गिराएँगी।

यह भी पढ़ें: खुलासा: भाजपा सांसद के बेटे ने रची थी साजिश, साले से चलवाई थी खुद पर गोली

इससे पहले अखिलेश यादव ने हाथरस प्रकरण को लेकर योगी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। ‘हाथरस की बेटी’ के बाद अब वहीं की एक और बेटी के साथ हुई छेड़खानी की शिकायत पर पिता की सरेआम हत्या कर दी गई। बेटी रोते हुए न्याय की गुहार लगाती रही। यह कांड भाजपा के लिए शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का इधर ध्यान नहीं है। वे बंगाल और केरल में भ्रमित करने के लिए चुनाव प्रचार में जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button