शॉर्ट सर्किट की वजह से गैस सिलेंडर में लगी आग, तीन बच्चियों समेत पांच की मौत

लखनऊ। लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र काकोरी कस्बे में रहने वाले मुशीर के घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से दो सिलेंडरों में विस्फोट हो गया जिसमें तीन बच्चियों और एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि चार लोग गंभीर लोग से घायल हो गये। पुलिस के मुताबिक काकोरी के हाता हजरत साहब इलाके में मंगलवार रात दो मंजिला इमारत में आग लग गई। आग लगते ही सिलेंडर में धमाका हुआ। हादसे में दंपती समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि हाता हजरत साहब निवासी मुशीर अली (50) जरदोजी का काम करते हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे उनके मकान की दूसरी मंजिल पर आग लग गई। आग लगने के कुछ ही मिनट बाद सिलेंडर में तेज धमाका हुआ। जब तक मकान के भीतर से लोग बाहर निकल पाते तब तक आग पूरे मकान में फैल गई।

उन्होंने बताया कि आग में परिवार के नौ लोग जल गए। अधिकारी के अनुसार इन लोगों को अस्पताल ले जाया गया जहां मुशीर (50 वर्ष), उनकी पत्नी हुस्ना बानो (45), उनकी भतीजी राइया (5) और भांजियों हिबा (2) तथा हुमा (3) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि घायल हुए चार अन्य लोगों का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है जहां इनकी हालत गंभीर बतायी जाती है। इनमें इशा (17), लकाब (21), अमजद (34) और अनम (18) हैं। स्थानीय पुलिस बल व दमकल की गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। अग्रिम विधिक कार्वाई की जा रही है।

ट्रॉमा सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने बताया कि घायलों में से दो की हालत गंभीर है और वे 90 फीसदी तक जल चुके हैं, जबकि बाकी दोनों 40 फीसदी और 50 फीसदी तक जल चुके हैं। जब जिलाधिकारी से पूछा गया कि ऐसी खबर हैं कि वहां कोई पटाखा फैक्ट्री भी चल रही थी, तो उन्होंने कहा कि अभी तक ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा, हमारी टीमें मामले की जांच कर रही हैं।

ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डा संदीप तिवारी ने बताया कि दो घायलों की हालत काफी गंभीर हैं और सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घायलों की निगरानी डॉक्टरों की एक टीम कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया सरकारी मंथन के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...

Related Articles

Back to top button