पांच ट्रिलियन इकोनोमी की ओर देश तेजी से हो रहा अग्रसर : जेपी नड्डा

मोदी-2 सरकार अपने आप में नया कीर्तिमान स्थापित करेगी
देश की तस्वीर बदलना भाजपा का लक्ष्य, हर क्षेत्र में हो रहा कार्य
चंद्रकांत पाटील ने दूसरी बार ली महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष की शपथ

मुंबई : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 5 ट्रिलियन इकोनोमी की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मोदी-2 सरकार अपने आपमें एक नया कीर्तिमान स्थापित करेगी। इसके लिए हर क्षेत्र में काम किया जा रहा है। देश की तस्वीर बदलना ही भाजपा का एकमात्र लक्ष्य है। नड्डा ने कहा कि हर पल अपने निजी स्वार्थ की खातिर भूमिका बदलने वालों से भी सावधान रहना आवश्यक है। इस मौके पर चंद्रकांत पाटील ने दूसरी बार महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद ग्रहण किया। नवी मुंबई में भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के अधिवेशन को रविवार को जेपी नड्डा संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हर क्षेत्र में विकास कार्यों को प्रमुखता दे रही है। इसी तरह की प्रगति राज्य में भी देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में हो रही थी। देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में 16 लाख करोड़ रुपये की विकास कार्य शुरु किए थे लेकिन सब कुछ थम सा गया है। इस समय हम यहां विपक्ष की भूमिका में हैं। नड्डा ने कहा कि हम भी कभी नेता प्रतिपक्ष थे और हमारी संख्या बहुत कम थी लेकिन सीमित संख्या में भी अगर सही तथ्यों व स्वस्थ्य तरीके से विरोधी पक्ष की भूमिका निभाई गई तो वह कारगर होती है। नड्डा ने कहा कि जिस तरह देवेंद्र फडणवीस विधानसभा में नेता हैं, चंद्रकांत दादा पाटील राज्य के अध्यक्ष हैं, उसी तरह हर मोहल्ले में काम करनेवाला वहां का अध्यक्ष हैं। इन सभी को हर जगह पर विपक्षी नेता की जिम्मेदारी का निवर्हन करना है। इस अवसर पर महाराष्ट्र भाजपा प्रभारी सरोज पांडे, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस, पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राव साहेब दानवे, नारायण राणे आदि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button